रायबरेली। मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में गत मंगलवार को जिला प्रशासनिक अधिकारी डॉ. देशबंधु के साथ मारपीट करने वाले चालक के खिलाफ शहर कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। मामले को गंभीरता से लेते हुए सीएमओ ने चालक को निलंबित करके सरेनी सीएचसी से संबद्ध कर दिया है। मामले की जांच के लिए टीम गठित कर दी गई है। वारदात के बाद आरोपी चालक मोबाइल बंद कर भाग गया है।
मंगलवार को जिला प्रशासनिक अधिकारी डॉ. देशबंधु वाहन से सीएमओ कार्यालय पहुंचे। गाड़ी से उतर ही रहे थे, इसी दौरान वाहन चालक सुनील कुमार ने उन पर हमला कर दिया। सुनील कुमार ने प्रशासनिक अधिकारी का गला पकड़कर मारपीट शुरू कर दी। घटना के समय मौजूद एसीएमओ डॉ. अशोक कुमार रावत, जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी डीएस अस्थाना व अन्य लोगों ने तत्काल बीच-बचाव कर मामले को शांत कराया।
डॉ. देशबंधु की तहरीर पर पुलिस ने वाहन चालक सुनील कुमार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) ने आरोपी चालक सुनील कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। चालक को सरेनी सीएचसी से संबद्ध किया गया है। उधर, वारदात के बाद आरोपी चालक की तलाश कोतवाली पुलिस कर रही है।
कोतवाली प्रभारी शिवशंकर सिंह ने बताया कि सीएमओ कार्यालय के प्रशासनिक अधिकारी की ओर से चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपी चालक की तलाश की जा रही है।