रायबरेली। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग (एफएसडीए) की टीम ने बृहस्पतिवार को शहर के साथ ही सलोन तहसील क्षेत्र के फ्लोर मिलों की जांच की। गंदगी सहित अन्य खामियां मिलने पर सभी छह मिल मालिकाें को नोटिस दिया गया है। सात दिन में खामियों को सुधारकर जवाब न देने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
सहायक खाद्य आयुक्त द्वितीय मानिक चंद्र सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार को मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अंजनी कुमार के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों अभय सिंह, शेफाली रस्तोगी व कंचनलता तिवारी की टीम ने डीह स्थित मां दुर्गा फ्लोर मिल और परशदेपुर स्थित बेबी एंटरप्राइजेज का निरीक्षण किया। इस दौरान अभिलेखों का अभाव मिला। परिसर में साफ-सफाई संबंधी कमियां भी मिलीं।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुमांशु सचान, महेंद्र कुमार यादव व उदय राज मौर्य की संयुक्त टीम ने शहर के कानपुर रोड कैलाशपुरी स्थित अग्रहरि लघु उद्योग का निरीक्षण किया। नवीन गल्ला मंडी स्थित कुमार ऑयल मिल, इंडस्ट्रियल एरिया स्थित सांवरिया फूड्स और रायबरेली फ्लोर मिल का भी निरीक्षण किया। प्रतिष्ठानों में पाई गई कमियों को सुधारने के लिए मिल मालिकों को नोटिस दिया गया है।