रायबरेली। फिरोज गांधी डिग्री कॉलेज में वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिताएं 8 एवं 9 मार्च को होंगी। 400 से अधिक खिलाड़ी इसमें हिस्सा लेंगे।
महाविद्यालय की क्रीड़ा समिति ने दो दिवसीय आयोजन की रूपरेखा तैयार कर ली है। प्राचार्य डॉ. बीडी मिश्र ने बताया कि इस दौरान 25 व्यक्तिगत स्पर्धाओं के साथ ही वॉलीबाल और रिले रेस भी होगी।
दो दिवसीय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ 8 मार्च को सुबह 8 बजे होगा। पहले दिन पुरुष वर्ग की एथलेटिक्स प्रतियोगिता के अंतर्गत दौड़, कूद, प्रक्षेप की 13 व्यक्तिगत स्पर्धाएं होंगी।
जबकि रिले रेस तथा वॉलीबाल प्रतियोगिता भी होगी। महिला वर्ग में एथलेटिक्स के अंतर्गत दौड़, कूद, प्रक्षेप की 12 व्यक्तिगत स्पर्धाओं के साथ रिले रेस भी कराई जाएगी। दूसरे दिन सुबह 7.30 बजे से प्रतियोगिताएं शुरू होंगी, जिसमें महिला एवं पुरुष वर्ग की दौड़, कूद, प्रक्षेप की स्पर्धा के साथ वॉलीबाल का फाइनल मुकाबला होगा।
क्रीड़ा समिति के सचिव डॉ. सी लाल ने बताया कि समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह दोपहर 1 बजे होगा। प्रतियोगिता में विभिन्न कक्षाओं के 400 खिलाड़ी शामिल होंगे।