महिला की मौत के बाद हंगामा करते परिजन व ग्रामीण। स्रोत सोशल मीडिया
ऊंचाहार। नंदौरा माफी गांव में रत्ना (26) का शव रखकर बृहस्पतिवार शाम परिजनों ने हंगामा किया। वे दहेज हत्या के मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की मांग कर रहे थे। पुलिस के प्राथमिकी दर्ज करने पर परिजन शांत हुए।
रत्ना की मौत बुधवार को करंट लगने से हुई थी। पिता श्यामलाल ने आरोप लगाया कि ससुराल वाले दहेज में सोने की जंजीर और मोटरसाइकिल मांग रहे थे। मांग पूरी न होने पर उन्होंने रत्ना को करंट लगाकर मार डाला। परिजनों का कहना था कि पुलिस ने पहले उनकी तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज नहीं की थी। शाम तीन बजे परिजन शव लेकर कोतवाली का घेराव करने जा रहे थे।
पुलिस ने उन्हें मनीरामपुर पुल के पास रोक लिया, जिससे वे आक्रोशित हो गए। इसके बाद उन्होंने चौराहे पर शव रखकर प्रदर्शन किया। ऊंचाहार कोतवाली प्रभारी ओम प्रकाश राय ने बताया कि पति अमरेश, ससुर सदाखेलावन, ननद बबली और सास के विरुद्ध दहेज हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है। जल्द गिरफ्तारी होगी।
महिला की मौत के बाद हंगामा करते परिजन व ग्रामीण। स्रोत सोशल मीडिया