सतांव। गुरुबख्शगंज थाना क्षेत्र के पूरे जुगराज मजरे हाजीपुर गांव में सोमवार को बकाया बिल जमा न करने पर कनेक्शन काटने गए बिजली कर्मियों को ग्रामीणों ने दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। इससे कर्मचारियों में दहशत व्याप्त हो गई। घटना में किसी कर्मचारी के सिर में तो किसी के हाथ व पैर में चोट आई। आक्रोशित लोगों ने एक कर्मचारी की बाइक की चाभी छीन कर सरकारी अभिलेख फाड़ डाले। कर्मियों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। पुलिस ने घायल कर्मचारियों को सीएचसी में भर्ती कराया।
गुरुबख्शगंज के अवर अभियंता सुनील कुमार की तहरीर पर पुलिस ने गांव के छोटेलाल, पंचम, व प्रदीप के अलावा अन्य 10 अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है। थाना प्रभारी संजय कुमार सिंह ने बताया कि केस दर्ज कर मामले की जांच कराई जा रही है।
विद्युत वितरण उपकेंद्र में तैनात नियमित कर्मचारी अनुज, संविदा कर्मी उमेश कुमार, विनोद, प्रकाश व धीरेंद्र सोमवार को ग्राम पूरे जुगराज मजरे हाजीपुर में बकाया बिजली बिल की वसूली करने गए थे। इस दौरान बकाया नहीं जमा करने पर कुछ उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे जा रहे थे। इससे आक्रोशित ग्रामीणों ने विरोध जताते हुए पहले बिजली कर्मियों से हाथापाई की फिर लाठी, डंडा लेकर उनकी पिटाई शुरू कर दी। पिटाई से उमेश के सीने और हाथ में चोट आई जबकि प्रकाश का हाथ टूट गया। ग्रामीणों ने एक कर्मचारी की बाइक की चाभी व मोबाइल भी छीन लिया। (संवाद)