अमावां। मिल एरिया क्षेत्र में रविवार रात ड्यूटी से घर लौट रहे बिजली विभाग में कार्यरत सब स्टेशन ऑपरेटर को कुछ युवकों ने पीट दिया। युवक रील बना रहे थे और बिजलीकर्मी के हस्तक्षेप से उनकी रील खराब हो गई थी।
पूरे गोविंद मजरे हरियावां गांव निवासी वीरेंद्र कुमार सिधौना बिजली घर पर सब स्टेशन ऑपरेटर के पद पर कार्यरत हैं। रविवार की रात वीरेंद्र ड्यूटी से घर लौट रहे थे। रास्ते में पूरे छीटू गांव के कुछ युवक रील बना रहे थे। इस दौरान कुछ लड़के महिला का किरदार भी निभा रहे थे। इस पर वीरेंद्र ने बाइक रोककर युवकों से मामले की जानकारी ली। इससे रील खराब हो गई और गुस्साए युवकों ने वीरेंद्र को पीटना शुरू कर दिया।
आसपास के लोगों ने वीरेंद्र को किसी तरह युवकों से बचाया। घायल बिजली कर्मी को इलाज के लिए सीएचसी लाया गया। मामले में थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने बताया मामला संज्ञान में है। जांच की जा रही है।