बछरावां। लखनऊ-रायबरेली रेलमार्ग के महत्वपूर्ण स्टेशन बछरावां में संचालित रेल कोच रेस्टोरेंट फिर से तैयार कर लिया गया है। सोमवार से यात्रियों को पुन: पहले की तरह सुविधाएं मिलनी शुरू हो जाएंगी। इस कोच रेस्टोरेंट में पखवारा भर पहले आग लग गई थी, जिससे काफी नुकसान हो गया था।
पखवारे भर तक चले मरम्मत कार्य के बाद व्यवस्थाएं दुरुस्त कर ली गई हैं। दोबारा ऐसी घटना न घटे, इसके लिए सुरक्षा संबंधी सभी पहलुओं पर ध्यान रखने के लिए उपकरण लगाए गए हैं।
बछरावां रेलवे स्टेशन परिसर में ही बाउंड्रीवाल के पास रेल कोच रेस्टोरेंट बना है। करीब डेढ़ साल से प्रक्रिया के बाद 8 अक्तूबर को रेल कोच रेस्टोरेंट का उद्घाटन किया गया था। रेल यात्रियों के साथ आम लोगों में भी यह रेस्टोरेंट काफी लोकप्रिय हो गया था। ट्रेन के डिब्बे (कोच) में बने रेस्टोरेंट के आसपास काफी सजावट भी की गई थी, ताकि लोगों को अच्छा परिवेश मिल सके। इसी रेस्टोरेंट में 11 दिसंबर को सुबह आग लग गई थी। डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग बुझी, लेकिन तब तक रेस्टोरेंट की वायरिंग, फॉल सीलिंग, टॉयलेट, एसी, फर्नीचर आदि खाक हो गया था। ऐसे में रेस्टोरेंट का संचालन संभव नहीं था। मरम्मत कार्य के लिए रेस्टोरेंट बंद कर दिया गया था।
एक पखवारे से लगातार चल रहे मरम्मत कार्य के बाद फिर से कोच रेस्टोरेंट तैयार कर लिया गया है। नए सिरे से विद्युत वायरिंग करने के साथ ही आकर्षक साज-सज्जा कराई गई है। यात्री हरिओम चतुर्वेदी, मनोज, ज्ञानेंद्र, राजू का कहना है कि दोबारा ऐसी घटना न घटे, इस बारे में पुख्ता प्रबंध किए जाने चाहिए। वाणिज्य निरीक्षक डीडी शुक्ला का कहना है कि मरम्मत कार्य पूरा करने के लिए एक पखवारे का समय दिया गया था। आग से बचाव के लिए अग्निशमन उपकरण लगाने के निर्देश दिए गए हैं। इस बारे में समय-समय पर मुआयना भी करेंगे।
स्टेशन अधीक्षक मनोज कुमार बाजपेयी का कहना है कि सोमवार से रेल कोच रेस्टोरेंट फिर से शुरू कर दिया जाएगा।