बछरावां (रायबरेली)। जैसे-जैसे पंचायत चुनाव की तारीख नजदीक आती जा रही है, वैसे-वैसे गांवों में चुनावी घमासान रफ्तार पकड़ रहा है। अब समर्थक भी खुलकर अपने प्रत्याशियों के साथ नजर आने लगे हैं।
सबसे ज्यादा उत्साह युवा वोटरों में दिखाई पड़ रहा है। पंचायत चुनाव के समय गेहूं की कटाई चल रही है। फिर भी चुनावी शोर हर तरफ सुनाई पड़ रहा है। पेंशन, इंटरलॉकिंग, कच्ची सड़क, नाली, बिजली, पानी जैसे मुद्दे चुनाव में हावी हैं।
इन्हीं को लेकर सभी प्रत्याशी जनता के बीच पहुंच रहे हैं। ‘अमर उजाला’ की ओर से शनिवार को बिशुनपुर गांव में हुए चुनावी मुद्दा कार्यक्रम में प्रधान पद के दावेदारों ने चुनावी मुद्दे गिनाएं और बेबाकी से अपनी रखी।
विकास कराएंगे
बिशुनपुर ग्राम पंचायत के प्रधान पद के दावेदार राजेंद्र चौधरी उर्फ राजू बाबा कहते हैं कि सीसी रोड, इंटरलॉकिंग, बिजली, पानी व पेंशन जैसी समस्याओं को प्रमुखता के साथ दूर कराया जाएगा। दूसरे दावेदार अरुण चौधरी कहते हैं कि जनता ने मौका दिया तो उन्हें समस्याओं के लिए दर-दर भटकना नहीं पड़ेगा।
पक्की छत दिलाएंगे
ग्रामपंचायत सेहगों पश्चिम के प्रधान पद के दावेदार दीपक कुमार का कहना है कि गांव के गरीबों के घर में शौचालय व पक्की छत दिलाएंगे। दूसरे दावेदार विनोद चौधरी का कहना है कि सरकारी योजनाओं को अमलीजामा पहनाकर शासन से आने वाली हर योजना का लाभ गांव के प्रत्येक लाभार्थी को दिलवाना मेरी प्राथमिकता होगी।
एक नई मिसाल कायम करूंगा
ग्रामपंचायत तिलेंडा के प्रधान पद दावेदार राजकुमार का कहना है कि बिजली, पानी, सड़क जैसी मूलभूत समस्याओं को जड़ से समाप्त करूंगा। दूसरे दावेदार मंसाराम का कहना है कि गांव के सभी अधूरे कार्यों को प्राथमिकता के तौर पर कराएंगे, ताकि लोगों की दुश्वारियां दूर हो सके।
बदहाल रास्तों को ठीक कराएंगे
कसरावां ग्राम पंचायत की प्रधान पद की दावेदार सरोजनी देवी कहती हैं कि गांव की गरीब जनता एवं पात्र लाभार्थियों को उनका हक दिलाना हमारी पहली प्राथमिकता होगी। दूसरी दावेदार श्रीमती कमलेश कहती है कि गांव की बदहाल रास्तों का नवनिर्माण, नाली व खड़ंजा आदि समस्याएं दूर कराएंगे।
सरकारी योजनाओं का दिलाएंगे लाभ
ग्रामपंचायत टोडरपुर की प्रधान पद की दावेदार मीरा देवी कहती हैं कि नाली, खड़ंजा की समस्या दूर कराना मेरी पहली प्राथमिकता है। घर-घर में शौचालय निर्माण कराया जाएगा। सरकार की सभी योजनाओं का लाभ जनता तक पहुंचाने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा। दूसरी दावेदार सावित्री कहती है कि उन्हें अगर जनता मौका देती है तो वो गांव का चौमुखी विकास करा कर एक नया इतिहास लिखेंगी।
गरीबों को दिलाएंगे पेंशन
खैरहनी ग्रामपंचायत की प्रधान पद की दावेदार सुनीता सिंह कहती हैं कि समूचा गांव मूलभूत समस्याओं से जूझ रहा है। जनता मौका देती है तो वह सबसे पहले सड़क, नाली, पेयजल शिक्षा, पेंशन जैसी प्रमुख समस्याओं को प्राथमिकता के तौर पर निराकरण कराएंगी। दूसरी दावेदार तुलसा देवी कहती हैं कि गांव आज भी विकास से कोसों दूर है। लोगों के पास पक्के मकान नहीं हैं। पक्की सड़कें नहीं हैं। पेयजल की समस्या चरम पर है। अगर वह चुनाव जीती तो यह मुद्दे दूर होंगे।