रायबरेली। पंचायत चुनाव शांतिपूर्वक संपन्न कराने के साथ ही सुरक्षा पर पैनी नजर रखने के लिए 325 पीआरडी जवानों की ड्यूटी लगा दी गई है। चुनाव सेल सहित सभी थानों पर पीआरडी जवानों को भेजा गया है।
नामांकन प्रक्रिया के साथ ही मतदान और मतगणना कार्य में पीआरडी जवान सुरक्षा में मुस्तैद रखे जाएंगे। पीआरडी जवानों को संबंधित थानों में भेज दिया गया है।
जिला युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग के पीआरडी जवानों के ड्यूटी इंचार्ज आशुतोष उपाध्याय ने बताया कि शासन की मंशा पर एसपी से थानावार पीआरडी जवानों की ड्यूटी का आदेश मिलने के बाद जवानों को संबंधित थानों को भेज दिया गया है।
शहर कोतवाली, मिलएरिया, भदोखर, सरेनी, डलमऊ, ऊंचाहार, महराजगंज, बछरावां, सलोन में 20-20 पीआरडी जवान लगाए गए हैं। इसके अलावा लालगंज में 24, गुरुबख्शगंज व खीरों में 14-14, जगतपुर में 15, गदागंज में 13, हरचंदपुर में 16, शिवगढ़ में 15, डीह में 18, नसीराबाद में 15 और चुनाव सेल में एक पीआरडी जवान की ड्यूटी लगाई गई है। आगामी पांच मई तक जवान संबंधित थानों में काम करेंगे।