रायबरेली। मिल एरिया थाना क्षेत्र के रतापुर में एक प्रॉपर्टी डीलर ने 85 वर्षीय बुजुर्ग महिला की जमीन पर जबरन नींव खुदवाना शुरू कर दी। महिला के विरोध पर प्रापर्टी डीलर ने उसे पीट कर भगा दिया। एसडीएम सदर के निर्देश पर लेखपाल मौके पर काम रुकवाने पहुंचे तो वे महज खानापूरी करके लौट आए। महिला ने मिल एरिया थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस जांच कर रही है।
रतापुर निवासी राजदेई ने थाने में दी तहरीर में कहा है कि उसकी जमीन के बगल में एक प्रॉपर्टी डीलर प्लाटिंग करा रहा है। उसकी जमीन हथियाने की नियत से प्रापर्टी डीलर ने उसकी भूमि पर नींव खुदवाना शुरू करा दिया। 11 दिसंबर को जानकारी मिलने पर जब वह मौके पर पहुंची तो उसकी पिटाई कर भगा दिया।
शिकायत पर एसडीएम के निर्देश पर लेखपाल जमीन की नापजोख करने पहुंचे। लेकिन वह प्रापर्टी डीलर का ही पक्ष लेने लगे। लेखपाल रवि कुमार के मुताबिक भूमिधरी जमीन पर निर्माण हो रहा है। उधर, थानेदार धर्मेंद्र कुमार दुबे का कहना है कि महिला की तहरीर मिली है। जांच कर कार्रवाई होगी।