खीरों (रायबरेली)। थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक विवाहिता का शव उसके घर में फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौत की जानकारी होने पर घर में रोना-पिटना मच गया।
अकोहरिया निवासिनी सोनी (22) की शादी जून 2019 में रामराज के साथ हुई थी। रामराज कुशवाहा पिता छोटेलाल के साथ पंजाब में भट्ठे पर मजदूरी करता है। सोनी सास फूलदुलारी के साथ घर पर रहती थी। सास मेरामऊ गांव निमंत्रण पर गई थी। सोनी धर पर अकेली थी।
आसपास के लोगों ने बताया कि सोनी ने शनिवार सुबह मवेशियों को चारा देकर घर के अंदर जाकर दरवाजा बंद कर लिया था। इसी दौरान उसका मवेशी खूंटा तोड़कर दूसरे के दरवाजे पर चला गया। इसकी सूचना देने के लिए पड़ोसी ने उसे आवाज दी लेकिन जवाब नहीं मिला। इस पर उसने छत पर जाकर देखा तो सोनी का शव फंदे पर लटक रहा था।
पड़ोसी की सूचना पर सोनी की सास रोते-बिलखते घर पहुंची। मायके पक्ष से आए पिता बिंदादीन ने बताया कि दो दिन पूर्व ही वह पुत्री को ससुराल छोड़कर चला गया था। इस दौरान घर में किसी के न होने के बाद भी पुत्री ने आत्महत्या कर ली। ससुराली पक्ष का कोई दोष नहीं है। प्रभारी निरीक्षक राजेश सिंह ने बताया की सोनी की सास की सूचना पर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। यदि कोई तहरीर मिलेगी तो कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)