जिला अस्पताल में मंगलवार को दवा के लिए लगी लाइन।
- फोटो : जिला अस्पताल में मंगलवार को दवा के लिए लगी लाइन।
रायबरेली। बदलते मौसम में जुकाम, बुखार और सांस के मरीजों की संख्या कम होने का नाम नहीं ले रही है। बुखार की चपेट में आने के बाद जिला अस्पताल में भर्ती कराए गए वृद्ध ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मंगलवार को 18 से अधिक मरीजों को भर्ती करके इलाज शुरू किया गया। उधर ओपीडी में भी जुकाम, बुखार, उल्टी दस्त, सीने में दर्द और सांस की समस्या के 600 से अधिक मरीज चिकित्सीय सलाह लेने के लिए पहुंचे।
अमेठी जिले के मदेहरा माेहनगंज निवासी सीता राम (65) को बुखार की चपेट में आने पर गंभीर हालत में गत सोमवार को जिला अस्पताल लाकर भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान रात में उनकी मौत हाे गई। मंगलवार को इमरजेंसी पहुंचे अमित (21), मंजू (25), खुशी (2), कृतिका (8), केशलाल (69), रावेंद्र कुमार (22), रामफेर (65), राघव (19), शिवांशी (11), शिवचरन (80) समेत 18 से अधिक मरीजों को भर्ती कराया गया।
उधर, ओपीडी में सुबह से ही भीड़ रही। परचा बनवाने के बाद मरीजों ने ओपीडी कक्षों के बाहर बारी आने का इंतजार किया। दवा लेने के लिए काउंटरों पर भीड़ रही। पैथोलॉजी में ब्लड की जांच कराने के लिए भी मरीजों को परेशान होना पड़ा। मेडिसिन विभाग और हृदय रोग विभाग में सबसे ज्यादा मरीज चिकित्सीय सलाह लेने के लिए पहुंचे। हॉर्ट रोग विशेषज्ञ डॉ. सलीम ने बताया कि ठंड का मौसम बुजुर्गों व बच्चों के लिए ज्यादा नुकसानदेय होता है। सभी को एहतियात बरतने की जरूरत है। समस्या होने पर तत्काल अस्पताल पहुंचकर इलाज कराएं। इसमें कतई लापरवाही न बरतें।