रायबरेली। शहर के देवानंदपुर मोहल्ले के दो साल के मासूम ने कोरोना को 11 दिन में ही मात दे दी है। एसजीपीजीआई लखनऊ से गुरुवार को आठ कोरोना संक्रमित मरीजों की रिपोर्ट निगेटिव आ गई। इसमें आठ साल की बालिका व 12 साल का बालक भी शामिल है।
सलोन क्षेत्र के धरई के दंपती और मां-बेटी की रिपोर्ट भी निगेटिव आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने राहत की सांस ली है। सभी मरीजों को रॉयन इंटरनेशनल स्कूल से डिस्चार्ज करके घर भेज दिया गया है।
सीएमओ डॉ. संजय कुमार शर्मा ने बताया कि 07 जून को शहर के देवानंदपुर के 10 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए थे। इसमें एक परिवार के पांच लोग और दूसरे परिवार के तीन लोग व एक अन्य परिवार के दो लोग संक्रमित मिले थे।
इसके अलावा सलोन क्षेत्र के धरई गांव का दंपती भी कोरोना संक्रमित पाया गया था। 15 जून को सभी लोगों की दूसरी जांच के लिए सैंपल एसजीपीजीआई भेजा गया, जिसमें आठ लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आ गई है।
शहर के देवानंदपुर में दो साल के मासूम, आठ साल की बच्ची व उसकी मां के साथ ही 12 साल के बालक की रिपोर्ट भी निगेटिव आ गई है। सभी आठ लोगों को रॉयन स्कूल के अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है।