रायबरेली। खाकी के दामन पर फिर भ्रष्टाचार का आरोप लगा है। इस बार ट्रक चालकों से अवैध वसूली का एक वीडियो वायरल हुआ है। डलमऊ पुलिस के इस कारनामा से हड़कंप मच गया। मामला संज्ञान में आने के बाद पुलिस अधीक्षक स्वप्निल ममगाई ने प्रकरण की जांच सीओ डलमऊ आरपी शाही को सौंपी है।
वीडियो में दिख रहा है कि एक ट्रक रायबरेली से फतेहपुर की ओर जा रहा है। इसी बीच पुलिस की जीप पहुंचती और उस पर सवार होकर एक सिपाही ट्रक चालक से पैसा लेता है। यह हाल तब है, जब पुलिस अधीक्षक की ओर से भ्रष्टाचार को लेकर सख्ती बरती जा रही है।
बताया जाता है कि रायबरेली-डलमऊ मार्ग से होकर प्रतिदिन सैकड़ों की तादाद में ट्रक फतेहपुर जिले आते-जाते हैं। इस मार्ग पर एक पुलिस का निर्माण हो रहा है। यहीं पर पुलिस कर्मी अवैध वसूली का कार्य करते हैं।
कहा जा रहा है कि पैसा न देने पर पुलिस कर्मियों की ओर से ट्रक चालकों को जगतपुर से होकर फतेहपुर जाने के लिए कहा जाता है। इससे चालकों को परेशानी होती है। वीडियो वायरल होने के बाद सीओ डलमऊ की ओर से मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
डलमऊ कोतवाली क्षेत्र में ट्रक चालकों से अवैध वसूली के वीडियो वायरल होने का मामला संज्ञान में आया है। प्रकरण की जांच सीओ डलमऊ आरपी शाही को सौंपी गई है। जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ सख्त एक्शन लिया जाएगा।- स्वप्निल ममगाई, एसपी