शिवगढ़ क्षेत्र के बांदा-बहराइच राजमार्ग पर अहलादगढ़ गांव के पास आमने सामने ट्रकों के बीच हुई भि
- फोटो : संवाद
शिवगढ़ (रायबरेली)। बांदा-बहराइच राजमार्ग पर भवानीगढ़ गूढ़ा के बीच मंगलवार सुबह करीब सात बजे हैदरगढ़ व बछरावां की तरफ जा रहे दो डंपर आमने-सामने से टकरा गए। हादसे में एक डंपर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं, दोनों वाहनों के चालक भाग निकले। दुर्घटना में कोई घायल हो नहीं हुआ, लेकिन बीच सड़क पर डंपरों के खड़े होने से करीब चार किलोमीटर लंबा जाम लग गया। इस दौरान वाहन चालक परेशान रहे। सूचना के तीन घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची और हाइड्रा मशीन बुलाकर दोनों वाहनों को हटवाया गया। इस तरह करीब आठ घंटे बाद राजमार्ग पर यातायात सामान्य हो सका।
बताया गया कि एक डंपर चालक को झपकी आ जाने से हादसा हुआ। मुख्य राजमार्ग होने के कारण इस पर वाहनों का आवागमन अधिक रहता है। इस कारण जाम लगता चला गया और वाहनों सवारों को दिक्कत का सामना करना पड़ा। शिवगढ़ निवासी राजेश तिवारी कार से अपने बड़े भाई राकेश का उपचार कराने लखनऊ जा रहे थे।
उन्होंने बताया कि जाम लगने के कारण पांच किमी. दूर से घूमकर जाना पड़ा। हालत यह रही कि जाम में कई स्कूली वाहन भी फंसे रहे। अहलादगढ़ के नीरज शुक्ल ने बताया कि सड़क के दोनों ओर पटरी न होने से लोगों को परेशानी हो रही है। अधिकारियों को इस ओर ध्यान देना चाहिए। थाना प्रभारी श्याम कुमार पाल ने बताया कि हादसे के कारण यातायात बाधित रहा। दोनों वाहनों के चालक दुर्घटना के बाद भाग निकले। जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की लापरवाही पर दिखा रोष
घटना स्थल से थाने की दूरी महज तीन किलोमीटर होने के बाद भी पुलिस को मौके तक पहुंचने में करीब तीन घंटे का समय लगा। लोगों का कहना है कि समय पर पुलिस पहुंच जाती तो जाम की समस्या से राहगीरों को न जूझना पड़ता। राहगीर मनोज कुमार का कहना है कि चार किलोमीटर तक वाहनों की कतार लगने के बाद पुलिस हरकत में आई। इसके बाद आवागमन बहाल हुआ।