डलमऊ कस्बा में हादसे के बाद डंपर में तोड़फोड़ करते लोग।
डलमऊ। मुराई बाग चौराहे पर एक महिला और उसके परिजनों ने डंपर चालक की पिटाई की। स्कूटी में डंपर छूने के बाद यह घटना हुई। आरोप है कि महिला के परिजनों ने डंपर में तोड़फोड़ की और आग लगाने की धमकी दी। पुलिस ने महिला समेत चार लोगों को हिरासत में ले लिया।
बुधवार दोपहर कुलियापुर निवासी सीमा अपने पति आशीष के साथ स्कूटी से जा रही थी। स्कूटी गलत साइड में थी, इस कारण डंपर से स्कूटी छू गई। इससे सीमा स्कूटी से गिर गईं। घटना से आक्रोशित महिला ने अपने परिजनों को बुलाया। चार पहिया वाहन से आए परिजनों ने चौराहे पर ही डंडों से डंपर पर हमला कर दिया। उन्होंने चालक गौतम द्विवेदी को नीचे उतरने को कहा पर चालक ने गेट नहीं खोला। इस पर चालक के सिर पर डंडे से वार किया और डंपर के शीशे तोड़ दिए गए। सड़क पर 15 मिनट तक हंगामा होता रहा।
मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस पहुंची और मामला शांत कराया। चालक को सीएचसी भेजा। पुलिस ने सीमा, उसके पति आशीष कुमार, भाई रोहित व अमित को गिरफ्तार कर लिया है। कोतवाल राघवन कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर पर प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।