रायबरेली। शहर के रेलवे स्टेशन पर इधर-उधर खड़े वाहनों को स्टैंड वाले टांग कर उठा ले जाते हैं। वाहन मालिक जब गाड़ी छुड़ाने जाते हैं तो उनसे अभद्र व्यवहार करने के साथ मनमाना शुल्क वसूला जाता है। विरोध करने पर धमकी दी जाती है। आए दिन इस तरह के मामले सामने आते रहते हैं और शिकायतें भी होती हैं, लेकिन ऐसी घटनाओं पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। स्टैंड कर्मियों की मनमानी का एक वीडियो फिर वायरल हुआ। हालांकि अमर उजाला इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किए गए इस वीडियो में तीन युवक स्टेशन परिसर में खड़ी एक बाइक को उठाकर ले जा रहे हैं। दो युवक अगले पहिए को टांग लेते हैं और तीसरा युवक धक्का देकर आगे ले जाता दिख रहा है। वायरल वीडियो के साथ लिखा गया कि स्टेशन के जिम्मेदार लोगों की मिलीभगत से गाड़ियां उठाई जाती हैं। गाड़ियों के मालिकों से मनमाना शुल्क वसूला जा रहा है। एक से पांच हजार रुपये तक वसूली की जाती है। विरोध करने पर धमकी दी जाती है।
आरपीएफ इंस्पेक्टर एके सिंह का कहना है कि जो बाइक सवार कहने के बावजूद इधर-उधर वाहन खड़ा करते हैं, उनका चालान किया जाता है। स्टैंड वालों के रवैये की जांच कराई जा रही है। वाणिज्य निरीक्षक डीडी शुक्ला ने कहा कि स्टैंड वालों की मनमानी कम नहीं हो रही है। पहले भी जुर्माना लग चुका है। अब फिर कार्रवाई करने के लिए मंडलीय अफसरों को पत्र भेजा गया है।