रायबरेली। कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को विभिन्न विकास परियोजनाओं के लिए भूमि अर्जन की समीक्षा बैठक हुई। इसमें परियोजनावार भूमि अर्जन की प्रगति, लंबित मामलों और मुआवजा वितरण की स्थिति की समीक्षा की गई। पिछले माह भुगतान में अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर डीएम सरनीत कौर ब्रोका ने संबंधित अमीनों से स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि किसानों और भू-स्वामियों को नियमानुसार समय पर मुआवजे का भुगतान किया जाए। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में डीएम ने रायबरेली-प्रयागराज मार्ग, रिंग रोड फेज-2 और सलोन-जायस-जगदीशपुर मार्ग समेत अन्य परियोजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने अवशेष भुगतान में देरी पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को लंबित मामलों का जल्द निस्तारण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सभी परियोजनाओं की नियमित समीक्षा की जाए और आने वाली समस्याओं का तत्काल समाधान कर कार्यों को समय से पूरा कराया जाए। बैठक में एडीएम (वित्त एवं राजस्व) सहदेव मिश्र, एडीएम (प्रशासन) सिद्धार्थ, एडीएम (न्यायिक) विशाल यादव समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।