रायबरेली। शहर में पीएनजी (पाइप्ड नेचुरल गैस) की आपूर्ति शुरू होने के बाद 667 एलपीजी उपभोक्ताओं को घरेलू गैस सिलिंडर वापस करने के निर्देश दिए गए हैं। तीन माह के भीतर सिलिंडर जमा नहीं करने पर संबंधित एलपीजी कनेक्शन बंद कर दिया जाएगा।
शहर में पीएनजी कनेक्शन का विस्तार तेजी से किया जा रहा है। इसके लिए विभिन्न मोहल्लों में पाइपलाइन बिछाने का काम चल रहा है। प्रगतिपुरम, तुलसीनगर, एकता विहार, हरदासपुर, हनुमंतपुरम और अनवर नगर समेत कई क्षेत्रों में पीएनजी की आपूर्ति शुरू हो चुकी है। हरदासपुर स्थित डिपो से गैस की आपूर्ति की जा रही है। वहीं, चकदौलताबाद में भी डिपो शुरू करने की तैयारी चल रही है।
पीएनजी सुविधा वाले क्षेत्रों में उपभोक्ताओं को कनेक्शन लेने के लिए जागरूक किया जा रहा है। अब तक 667 से अधिक उपभोक्ता पीएनजी कनेक्शन ले चुके हैं। इन उपभोक्ताओं को एलपीजी कनेक्शन में मिले घरेलू गैस सिलिंडर वापस करने के निर्देश दिए गए हैं।
भारत पेट्रोलियम के मैनेजर सुदीप गुप्ता ने बताया कि शहरी क्षेत्रों में अधिक से अधिक घरों तक पीएनजी सुविधा पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। जिन उपभोक्ताओं ने पीएनजी कनेक्शन ले लिया है, उन्हें नियमानुसार एलपीजी सिलिंडर वापस करना होगा। निर्धारित समय में सिलिंडर जमा न करने पर एलपीजी कनेक्शन बंद किया जाएगा।