आजादी के जश्न के लिए सामग्री खरीदतीं छात्राएं
रायबरेली। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर शुक्रवार को जिले में उत्सव जैसा माहौल रहा। शहर से लेकर ग्रामीण अंचलों तक तिरंगे की छटा दिखाई दी। सरकारी और गैर सरकारी भवनों को बिजली की झालरों व तिरंगे के रंगों से सजाया गया। बाजारों में बच्चों की भीड़ रही। उन्होंने तिरंगे और स्वतंत्रता दिवस से जुड़ा सामान खरीदा।
शहर के प्रमुख चौराहों पर तिरंगे के रंगों वाली रोशनी लोगों का ध्यान खींचती रही। कलेक्ट्रेट, नगर पालिका, जिला अस्पताल समेत कई सरकारी और गैर सरकारी भवन आकर्षक ढंग से सजाए गए। जगह-जगह रंग-बिरंगे गुब्बारे भी लगाए गए। देशभक्ति के गीतों और जय हिंद, जय भारत के उद्घोष से वातावरण देशभक्ति से सराबोर रहा।
शनिवार को जिले में धूमधाम से स्वतंत्रता दिवस मनाया जाएगा। सरकारी और शिक्षण संस्थानों में ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान होगा। स्कूली बच्चे प्रभातफेरी निकालेंगे और विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर डीएम सरनीत कौर ब्रोका ने शहीद स्मारक मुंशीगंज पहुंचकर दीपदान किया और शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
आजादी के जश्न के लिए सामग्री खरीदतीं छात्राएं