खीरों (रायबरेली)। थाना क्षेत्र के पाहो गांव में बच्चों के विवाद में बड़े भिड़ गए। इसमें दोनों तरफ से लाठी-डंडे चले। इसमें तीन महिलाएं घायल हो गईं, जबकि कुछ लोगों को मामूली चोटें आईं हैं।
मारपीट से अफरातफरी मच गई। ग्रामीणों ने बीच-बचाव करके किसी तरह मामला शांत कराया। दोनों पक्षों ने थाने में एक-दूसरे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पाहो निवासी सुमन ने बताया कि उसकी बेटी कोमल बकरी चराने गई थी, जहां पड़ोस के युवक आशीष व अभिषेक ने उसे मारपीट कर घायल कर दिया। बीच बचाव करने वह दौड़ी तो उसे भी मारापीटा, जबकि दूसरे पक्ष की शिवकुमारी ने आरोप लगाया कि गांव की सुमन, उनकी बेटी पायल व फूल चंद्र खेतों में बच्चों के बीच हुए विवाद को लेकर दरवाजे आकर गाली-गलौज कर रहे थे।
मना करने पर तीनों लोगों ने मारपीट कर घायल कर दिया। प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन ने बताया कि खेतों में बकरी चराने के दौरान बच्चों में मारपीट हुई थी। दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर घायलों का मेडिकल परीक्षण सीएचसी खीरों में कराया गया है। घटना की जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।