रायबरेली। दो विभागों के बीच मरम्मत कार्य को लेकर चल रहा विवाद खत्म हो गया। गल्ला मंडी स्थित क्षतिग्रस्त ओवरब्रिज की मरम्मत अब सेतु निगम कराएगा। दावा है कि अगले तीन माह में वाहन चालक इस ओवरब्रिज से फर्राटा भर सकेंगे। जिम्मेदारी मिलने के बाद सेतु निगम की ओर से मरम्मत कराने की तैयारी शुरू हो गई है। बीते चार माह से ओवरब्रिज के क्षतिग्रस्त होने के कारण वाहन चालकों को शहर आने के लिए चार किमी का चक्कर काटना पड़ रहा है।
जहानाबाद चौकी से रतापुर चौराहा जाने वाले मार्ग पर गल्ला मंडी के पास सेतु निगम की फतेहपुर इकाई ने 2011 में ओवरब्रिज का निर्माण कराया गया था। इसके बाद दो साल पहले ओवरब्रिज के रखरखाव की जिम्मेदारी लोक निर्माण विभाग को सौंपी गई थी। रखरखाव ठीक से न हो पाने के कारण 17 अगस्त को ओवरब्रिज क्षतिग्रस्त हो जाने से सरिया बाहर आ गई और सड़क भी धंस गई थी। इसके बाद ओवरब्रिज से आवागमन रोक दिया गया था। लोक निर्माण और सेतु निगम के अधिकारियों ने कई बार इसकी जांच की।
जांच में सामने आया कि जब तक ओवरब्रिज की मरम्मत नहीं हो जाती, तब तक इससे आवागमन शुरू कराना खतरे से खाली नहीं है। जांच में एक गर्डर और एक पिलर (खंभा) के अलावा कई जगह छत जर्जर मिली थी। लंबे समय तक इस बात को लेकर लोक निर्माण विभाग व सेतु निगम में रार चलती रही कि इसकी मरम्मत कौन कराएगा। शासन स्तर से अब ओवरब्रिज की मरम्मत की जिम्मेदारी सेतु निगम को सौंपी गई है। इसके लिए लोक निर्माण विभाग की तरफ से कागजी प्रक्रिया भी पूरी कर दी गई है।