लालगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एक्सरे कराती महिला।
लालगंज। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में मरीजों की सुविधा के लिए नई मोबाइल डिजिटल एक्सरे यूनिट लगाई गई है। यह अत्याधुनिक और एआई आधारित मशीन है। इससे मरीजों को पहले की तुलना में अधिक स्पष्ट और बेहतर गुणवत्ता की एक्सरे इमेज मिलेगी।
सीएचसी में पहले से लगी एक्सरे मशीन सेमी डिजिटल थी। नई मशीन पूरी तरह डिजिटल है। इसमें पहिये लगे हैं। जरूरत पड़ने पर मशीन को वार्ड और आईसीयू तक आसानी से ले जाया जा सकता है। गंभीर रूप से घायल या भर्ती मरीजों को अब एक्सरे के लिए एक्सरे रूम तक ले जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। एक्सरे टेक्नीशियन सहायक हर्ष ने बताया कि नई मशीन पूरी तरह सुरक्षित है। इसमें बहुत कम रेडिएशन निकलता है।
इससे मरीजों और एक्सरे करने वाले तकनीशियनों को रेडिएशन के खतरे से काफी हद तक राहत मिलेगी। सीएचसी अधीक्षक डॉ. अमल पटेल ने बताया कि नई डिजिटल एक्सरे मशीन शुरू होने से अस्पताल में जांच सुविधा और बेहतर होगी। इससे मरीजों को सुरक्षित और उच्च गुणवत्ता वाली एक्सरे सेवा मिल सकेगी।