रायबरेली। कोरोना वायरस महामारी के संक्रमण से बचाव एवं रोकथाम के लिए लॉकडाउन के दौरान अमेठी जिले के डीएम अरुण कुमार ने गुरुवार सुबह फुरसतगंज थाने का जायजा लिया। डीएम ने रायबरेली बॉर्डर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रायबरेली से ड्यूटी करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों को सख्त हिदायत देते हुए जिले में ही रहकर ड्यूटी करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि आवश्यक सेवाओं के वाहनों को छोड़कर शेष सभी वाहन पूर्णतया प्रतिबंधित हैं। सभी सीमावर्ती बॉर्डर पर ऐसे सभी वाहनों की सघन चेकिंग की जाए। किसी भी दशा में कोई भी व्यक्ति जनपद के अंदर प्रवेश न करने पाएं। यदि इस संबंध में कहीं से भी शिकायत मिलती है तो संबंधित के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
बॉर्डर सील होने के बाद भी लोगों के आने जाने पर डीएम ने नाराजगी जताई। कहा कि लॉकडाउन का सख्ती से पालन कराया जाए। ढिलाई बर्दाश्त नहीं होगी। इस मौके पर एसडीएम तिलोई सुुनील कुमार त्रिवेदी, फुरसतगंज थानेदार प्रेमचंद्र सिंह, सेक्टर मजिस्ट्रेट संजय राय मौजूद रहे।