रायबरेली। उत्तरी क्षेत्र लोड डिस्पैच सेंटर ने चार राज्यों में बाढ़ के चलते एनटीपीसी से बिजली लेने से हाथ खड़े कर दिए हैं। इस कारण एनटीपीसी परियोजना की दो यूनिटें बंद कर दी गई हैं और तीन यूनिटों को आधे भार पर चलाया जा रहा है। इससे परियोजना को नुकसान भी उठाना पड़ रहा है।
उत्तर के राज्यों में लगातार बारिश के चलते बाढ़ के हालात बने हुए हैं। बाढ़ से जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है। बिजली आपूर्ति ठप हो गई है जिसका असर ऊंचाहार एनटीपीसी पर पड़ा है। जानकारी के अनुसार परियोजना से पंजाब, जम्मू-कश्मीर, हरियाणा व दिल्ली की बिजली आपूर्ति रोक दी गई है। इस कारण परियोजना की 210 -210 मेगावाट बिजली उत्पादन क्षमता वाली यूनिट नंबर दो व पांच से उत्पादन ठप है।
इस समय परियोजना की चार यूनिटों से ही बिजली बन रही है। इसमें यूनिट नंबर एक 137 मेगावॉट, यूनिट नंबर तीन 128 मेगावॉट व यूनिट नंबर चार 120 मेगावॉट भार पर चल रही है। जबकि छठवीं यूनिट पूरी क्षमता से 500 मेगावॉट बिजली उत्पादन कर रही है। परियोजना के सहायक जनसंपर्क अधिकारी आज्ञाशरण सिंह ने बताया कि उत्तरी क्षेत्र लोड डिस्पैच सेंटर से बिजली की मांग न होने से दो यूनिटें बंद की गई हैं। यूनिटों में कोई खराबी नहीं है। मांग बढ़ने पर उत्पादन चालू होगा।