रायबरेली। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के कर्मचारी यूनियन के महामंत्री और जिला अस्पताल में कोविड जांच का काम देख रहे नीरज मौर्या समेत 29 लोगों की कोरोना रिपोर्ट शुक्रवार को पॉजिटिव आ गई। कोरोना संक्रमित 70 वर्षीय वृद्ध की मौत हो गई। जिले में अब तक संक्रमितों के मौतों की संख्या बढ़कर 94 हो गई है। वहीं 42 मरीज शुक्रवार को स्वस्थ होकर घर पहुंच गए।
जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी डीएस अस्थाना ने बताया कि सतांव क्षेत्र के सुल्तानपुर खेड़ा गांव के रहने वाले 70 वर्षीय वृद्ध को संक्रमित होने पर रेलकोच कारखाने के एल-2 अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालत गंभीर होने पर मरीज को मिम्स बाराबंकी के एल-3 अस्पताल भर्ती कराने के लिए भेजा गया था। रास्ते में ही वृद्ध की मौत हो गई।
वहीं शुक्रवार को एनएचएम कर्मचारी यूनियन के महामंत्री व जिला अस्पताल में कोरोना जांच की रिपोर्ट का काम देख रहे नीरज मौर्या की रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई है। उन्हें होम आइसोलेट कराया गया है। शेष अन्य मरीजों को एल-2 अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को बस्तेपुर, पूरे लोकई, भीतरगांव, मधुसूदनखेड़ा, जगतपुर, आदर्श नगर, नीरज मौर्या, दाउदपुर गड़ई, पूरे डेरा, पुलिस लाइन, महराजगंज, हसनापुर, शेर नगर, सुल्तानपुर खेड़ा आदि क्षेत्रों में संक्रमित मरीज मिले हैं। मुख्य अग्निशमन अधिकारी आरके पांडेय ने बताया कि शुक्रवार को भी शहर के शॉपिंग कांप्लेक्सों के अलावा इंदिरा नगर, डिग्री कॉलेज चौराहा, आचार्य द्विवेदी नगर आदि क्षेत्रों में सैनिटाइजेशन का काम कराया गया।