परशदेपुर (रायबरेली)। चौकी क्षेत्र में शनिवार सुबह एक वृद्धा का शव कुएं में मिलने से हड़कंप मच गया। वृद्धा शुक्रवार को घर में बिना बताए निकली थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कुएं से बाहर निकलवाया। परिवारीजनों के मना करने पर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया।
आशा रसीदपुर रैधरा गांव की रहने वाली सावित्री देवी (80) शुक्रवार की सुबह घर से बिना किसी को बताए निकली थी। देर शाम तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन कही पता नहीं चला।
शनिवार सुबह लोगों ने उसका शव कुएं में उतरता देखा। इसकी सूचना परिवारीजनों व पुलिस को दी गई। डीह एसओ पवन प्रताप सिंह मौके पर पहुंचे और शव को बाहर निकलवाया। पुत्र कुलदीप सिंह ने बताया कि लगभग एक माह से मां अवसाद में थीं। एसओ ने बताया कि शव का पंचनामा कर परिवारीजनों को सौंप दिया गया।