रायबरेली। भदोखर थाना क्षेत्र के पूरे इंछी मजरे परौरा गांव में ककरहा घाट के पास यवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक ने जिला पंचायत सदस्य पद का चुनाव लड़ा था और 18 दिन पहले ही जेल से बाहर आया था।
सदर सीओ आरपी शाही, भदोखर थानेदार रामाशीष उपाध्याय ने पुलिस बल के साथ मौके पर जांच की। परिवारीजनों और गांव के लोगों ने हत्या की आशंका जताई है। भदोखर थाना क्षेत्र के गोठांव मजरे कचौंदा मोहद्दीनपुर निवासी राजेश सिंह (45) का शव बुधवार को इंसोर ड्रेन के ककरहा घाट पर मिला।
चचेरे भाई नारायण सिंह ने बताया कि राजेश परौरा निवासी राजाराम के साथ सुबह आठ बजे निकले थे। कुछ घंटों बाद दोबारा गांव आए और उन्हीं के साथ फिर चले गए। दोपहर बाद उनके शव मिलने की सूचना मिली। चचेरे भाई ने बताया कि जांघ, पीठ दोनों पैर पर चोट के निशान मिले हैं।
इससे प्रतीत हो रहा है कि हत्या करके शव को फेंका गया है। राजेश आगजनी के एक मामले में जेल में बंद था। करीब 18 दिन पहले ही जेल से बाहर आया था। उसका गांव में कुछ लोगों से जमीन का विवाद था।
शव के पास से देशी शराब की बोतलें भी मिली हैं। पत्नी ग्रीसा सिंह रो-रोकर बेहाल है। सीओ आरपी शाही का कहना है कि शव पीएम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।