हरचंदपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार को कोहरे के चलते डीसीएम ने एक टेम्पो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि डिवाइडर से टकराने के बाद टेम्पो पलट गया। इसमें टेम्पो चालक की मौत हो गई। जबकि उस पर सवार दो महिलाओं समेत पांच लोग घायल हो गए।
इनकी हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने लिखापढ़ी के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। हादसे के बाद चालक डीसीएम लेकर भाग गया। सुबह एक टेम्पो सवारियां भरकर जिला मुख्यालय की तरफ जा रहा था।
लखनऊ से एक डीसीएम इलाहाबाद की तरफ जा रहा था। कोहरे की वजह से कुछ दिख नहीं रहा था। लखनऊ-इलाहाबाद राजमार्ग पर गंगागंज के पास पीछे से डीसीएम ने आगे जा रहे टेम्पो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के चलते टेम्पो पहले डिवाइडर से टकराया और फिर वहीं पर पलट गया।
इससे पहले कि आसपास के लोग और पुलिस पहुंचती, चालक डीसीएम लेकर घटनास्थल से फरार हो गया। हादसे में गंभीर रूप से घायल टेम्पो चालक शकील अहमद उर्फ गुल्लन (45) निवासी रघुबीरगंज की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं विजय कुमारी, सविता निवासी हरचंदपुर, शिव प्रसाद गंगागंज, गिरजाशंकर व दिनेश निवासी हरचंदपुर घायल हो गए। इसमें विजय कुमारी, सविता, शिव प्रसाद, गंगा सागर की हालत गंभीर होने पर उनको सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
थानेदार जेपी यादव का कहना है कि डीसीएम की टक्कर से हादसा हुआ है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज करके मामले में कार्रवाई की जाएगी। पति शकील अहमद की मौत से उसकी पत्नी रेशमा के आंसू नहीं थम रहे हैं। जहां उसे पति को खोने का गम हैं।
वहीं उसे चिंता सती रही है कि अब घर की रोजी-रोटी कैसे चलेगी। मृतक शकील अहमद ही परिवार में इकलौता कमाने वाला था। मृतक अपने पीछे बेटे अकील (14), वकील अहमद (10) और बेटी अलफिया (12), शोभिया (7) को छोड़ गया है। पिता की मौत से बच्चे भी गमगीन हैं।