रायबरेली-डलमऊ। कार्तिक पूर्णिमा पर डलमऊ में लगने वाले मेले और गंगा स्नान को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। श्रद्धालुओं को स्नान करने में परेशानी न हो, इसके लिए घाट दूधिया रोशनी से जगमग होंगे। स्नान और मेले को लेकर दो दिनों तक निर्बाध बिजली आपूर्ति की जाएगी।
बिजली आपूर्ति में कोई दिक्कत न हो, इसके लिए पावर कॉर्पोरेशन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। जर्जर और ढीले तारों को बदलने के साथ अन्य खामियों को दूर कराया जा रहा है। पांच नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा पर डलमऊ के घाटों पर सबसे ज्यादा भीड़ होती है। यहां पर जिले के अलावा अन्य जनपदों के श्रद्धालु स्नान करने आते हैं।
किला घाट, सड़क घाट, रानी शिवाला घाट, वीआईपी घाट, पक्का घाट, संकट मोचन घाट, पथवारी घाट, शुकुल घाट, महावीरानघाट, छोटामठ घाट, बड़ा मठ घाट, श्मशान घाट समेत अन्य घाटों पर आठ लाख से ज्यादा लोग पहुंचते हैं। पूर्णिमा के दो दिन पहले श्रद्धालु और दुकानदार पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं को स्नान करने में कोई परेशानी न हो, इसके लिए चार और पांच नवंबर को 24 घंटे बिजली आपूर्ति होगी।
खंभों में लगाए जाएंगे प्लॉस्टिक कवर
मेला परिसर में ज्यादातर लोहे के बिजली खंभे लगे हैं। इनमें करंट उतरने का खतरा बना रहता है। किसी प्रकार की अनहोनी न हो, इसके लिए खंभों को प्लॉस्टिक से कवर कराया जाएगा, ताकि किसी प्रकार अप्रिय घटना न हो। ट्रांसफार्मरों की जाली, जाली के अंदर साफ-सफाई कराई जाएगी।
कार्तिक पूर्णिमा पर श्रद्धालुओं को परेशानी न हो, इसके लिए दो दिन 24 घंटे बिजली आपूर्ति होगी। जर्जर तारों को बदलने के साथ ढीले तारों को कसवाने का काम कराया जा रहा है।
- मुकेश कुमार, अधीक्षण अभियंता, विद्युत वितरण मंडल द्वितीय