रेलवे स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार करते लोग।
रायबरेली। यूपी टीईटी के अभ्यर्थियों की भीड़ शुक्रवार को भी रेलवे और बस स्टेशन पर उमड़ी। रोडवेज डिपो पर पहुंचते ही अभ्यर्थी बसों में बैठकर चले गए। रेलवे स्टेशन पर उन्हें ट्रेनों के लिए इंतजार करना पड़ा। दोपहर में लखनऊ की ओर जाने के लिए एक के बाद एक दो ट्रेनें आईं, जिससे ज्यादातर भीड़ निकल गई। दूसरी पाली के बाद भी शाम को भीड़ जुटी।
नियमित ट्रेनों से जाने के बाद जो अभ्यर्थी छूट गए थे, उन्हें घर पहुंचाने के लिए देर शाम स्पेशल ट्रेन गुजरी। सुरक्षा के मद्देनजर रेलवे और बस स्टेशन पर पुलिसकर्मी तैनात रहे। दूसरे दिन की टीईटी में शामिल होने के लिए दोनों पालियों में लगभग 16 हजार अभ्यर्थी और उनके साथी पहुंचे। इनमें ज्यादातर लोग निजी साधनों से परीक्षा केंद्र आए। जिन लोगों को ट्रेनों या बसों से लौटना था, वे लोग रेलवे और बस स्टेशन पहुंचे। परीक्षा छूटने के बाद बस स्टेशन पर अभ्यर्थियों का मजमा जरूर लगा, लेकिन बसों के लिए ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ा।
सुल्तानपुर, कानपुर, प्रतापगढ़, लखनऊ रूट पर बसों की व्यवस्था पहले से करा दी गई थी। वरिष्ठ डिपो प्रभारी अशोक कुमार ने बताया कि सभी रूटों पर बसों के फेरे बढ़े थे, जिससे अभ्यर्थियों को कोई असुविधा नहीं हुई। रेलवे स्टेशन पर दोपहर एक से दो बजे तक और शाम को छह बजे से सात बजे तक ज्यादा भीड़ रही। इस दौरान गुजरी सभी ट्रेनों में काफी भीड़ नजर आई। ट्रेनों में पहले से भीड़ थी, जिससे यहां से अभ्यर्थियों और आम यात्रियों को सवार होने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी।
ट्रेनों के आने पर राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने खास निगरानी की। लखनऊ से प्रतापगढ़ होते हुए प्रयागराज के लिए स्पेशल ट्रेन भी चलाई गई, जिससे अभ्यर्थी सकुशल लौट गए। यातायात निरीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि भीड़ जरूर जुटी, लेकिन ज्यादा देर तक इंतजार नहीं करना पड़ा।