खीरों ब्लाॅक संसाधन केंद्र में लगे विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कैंप में लगी मतदाताओं की भीड़।
खीरों। ब्लॉक मुख्यालय और ब्लाॅक संसाधन केंद्र में मंगलवार को हरचंदपुर विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान के प्रथम चरण में नो मैपिंग का कार्य तेजी से किया गया। इस दौरान मतदाताओं की भीड़ देखी गई, जो अपने नाम सूची में शामिल कराने या संशोधन कराने के लिए उत्साहित दिखे।
ब्लॉक परिसर में 8 और ब्लॉक संसाधन केंद्र में नौ सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (एईआरओ) अलग-अलग काउंटरों पर सुबह से शाम तक उपस्थित रहे। बीएलओ द्वारा दी गई सूचना के अनुसार, आवश्यक दस्तावेज लेकर पहुंचे मतदाताओं के नो मैपिंग का कार्य संपादित किया गया। उप जिलाधिकारी लालगंज मिथलेश त्रिपाठी ने बताया कि प्रथम चरण में लगभग 45 प्रतिशत नो मैपिंग का कार्य पूर्ण कर लिया गया है, जिसमें लगभग 35 प्रतिशत सुनवाई पूरी हो चुकी है।
इनसेट
मतदाताओं को राहत देने की तैयारी
दूसरे चरण में 12 फरवरी से बूथ स्तर पर नो मैपिंग कार्य के साथ ही 29 हजार तार्किक विसंगतियों को दूर किया जाएगा। इस प्रक्रिया का मुख्य उद्देश्य किसी भी मतदाता का नाम सूची से न छूटे और वे मतदान से वंचित न रहें। उन मतदाताओं के लिए विशेष व्यवस्था की गई है जिनके नाम वर्तमान 2025 की सूची से मेल नहीं खा रहे हैं। ऐसे मतदाता अपने आवश्यक दस्तावेजों के साथ संबंधित बीएलओ से संपर्क कर फार्म भरवाकर जमा करा सकते हैं, जिससे उनके नाम और अन्य विवरणों का संशोधन समय पर हो सके।