अमेठी जिले के मोहनगंज थाना क्षेत्र में सेना में भर्ती की तैयारी कर रहे युवक की हत्या कर शव फंदे से लटका दिया गया। मंगलवार सुबह उसका शव जामुन के पेड़ से लटकता पाए जाने से सनसनी फैल गई। दो दिन पहले युवक सेना की भर्ती देखने कानपुर गया था।
मृतक के भाई ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या की तहरीर दी है। वारदात की कोई वजह सामने नहीं आई है। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज मामले की जांच कर रही है। मोहनगंज थाना क्षेत्र के बुकवा मजरे चेतरा बुजुर्ग गांव निवासी अरुण सोनी (21) सेना भर्ती की तैयारी कर रहा था।
वह चेतरा बुजुर्ग में मोबाइल फोन की दुकान भी करता था। रविवार को सेना भर्ती में शामिल होने के लिए कानपुर जाने की बात कहकर घर से गया था। मंगलवार को धर्मेधाम रोड के पास जामुन के पेड़ से रस्सी के फंदे से उसका शव लटकता पाया गया। इसकी जानकारी होते ही परिवारीजनों के साथ ही ग्रामीणों का मौके पर मजमा लग गया।
सूचना पर पुलिस भी पहुंची। तलाशी के दौरान मृृतक के जेब से कानपुर से जायस रेलवे स्टेशन तक के लिए इंटर सिटी का टिकट भी मिला। खास बात ये थी कि रस्सी पर काफी दूर तक रगड़ के निशान थे। इस पर मृतक के बड़े भाई आलोक कुमार ने अज्ञात के विरुद्ध हत्या की तहरीर पुलिस को दी।
उसका कहना है कि पुलिस सही जांच करे तो वारदात की हकीकत सामने आ सकती है। थानेदार रामराघव सिंह का कहना है कि मामला हत्या या फिर आत्महत्या का है, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगा। परिवारीजनों और ग्रामीणों से पूछताछ कर मामले की जांच की जा रही है।
बड़े भाई आलोक ने बताया कि पिता राज बहादुर सोनी और मां सावित्री की पहले ही मौत हो चुकी थी। अरुण का एक ही मकसद था कि वह सेना में भर्ती हो और देश की सीमा की रक्षा करे, मोबाइल की दुकान चलाने के साथ सेना में जाने के लिए सुबह दौड़ भी लगाता था। पर शायद ऊपर वाले को कुछ और ही मंजूर था।