खुर्जा (ब्यूरो)। अमरनाथ की यात्रा कर लौट रहे खुर्जा के श्रद्धालुओं की बस रोककर अराजकतत्वों ने पथराव किया था, लेकिन पीछे से आ रही तीन अन्य बसों को रोकने के दौरान चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए अपनी बस आगे बढ़ा दी।
अराजकतत्वों ने देखा तो पीछा करते हुए बस पर पथराव किए। पथराव के चलते कई यात्री चोटिल हो गए, लेकिन घायल होने के बावजूद चालक ने बस सीआरपीएफ कैंप के पास पहुंचकर ही दम लिया। सोमवार को खुुर्जा पहुंचे श्रद्धालुओं ने यात्र का भयावह मंजर बयां किया।
नगर से एक ट्रेवेल्स की तीन बसें अमरनाथ यात्रा के लिए दो जुलाई को रवाना हुई थीं। बस मालिक हृदयेश गुप्ता ने बताया कि आठ जुलाई को वह अमरनाथ का दर्शन करने के बाद लौट रहे थे।
दो बसें तो सुरक्षित निकल गईं,लेकिन पीछे चल रही उनकी बस को श्रीनगर से पहले खन्नावल में अराजकतत्वों ने रोक लिया। बस में 50 यात्री थे। जिनमें तीन बच्चे 17 महिलाएं और अन्य पुरुष थे। इसी दौरान पीछे से गुजरात की दो बसें और आ गईं।
सभी अराजकतत्व उन दोनों बसों पर टूट पड़े और उन यात्रियों से मारपीट कर उन्हें उतारने लगे। मौका देखकर खुर्जा निवासी बस चालक देवेश राणा ने सूझबूझ दिखाते हुए तेजी के साथ बस चला दी। तब अराजक तत्वों ने पथराव किया। इससे बस के कांच टूट गए।
बस में बैठे मठमंदिर निवासी अंजनी शर्मा, सुभाष रोड निवासी मनीष कुमार, चालक देवेश राणा, विष्णू, विकास, आशीष समेत कई लोग घायल हो गए। पथराव से बस में बैठे महिलाओं और बच्चों में चीख पुकार मच गई।
चालक देवेश ने बस नहीं रोकी और सीआरपीएफ कैंप के पास पहुंच कर ही उसने सांस लिया। इसके बाद सीआरपीएफ के जवानों ने बस को निकलवाया। ख्ुर्जा निवासी बस यात्री गोल्डी गुप्ता, हार्दिक, प्रशांत आदि ने बताया कि वह मंजर बेहद डरावना था।