सदर कोतवाली क्षेत्र में रविवार रात चलती बाइक में रेलवे कर्मी की पत्नी से बदमाशों ने सोने की चेन छीन ली। बदमाशों के झपट्टा मारने से महिला जमीन पर गिरकर घायल हो गई। हालत गंभीर होने पर उसे लखनऊ रेफर किया गया है।
बिहार प्रांत के मुजफ्फर नगर निवासी उत्कर्ष सिंह रेलवे कोच फैक्ट्री में नौकरी करता है। रात में अपनी पत्नी अनीता सिंह के साथ बाइक से जिला मुख्यालय आ रहा था। दरीबा तिराहा के पास एक बाइक पर सवार दो बदमाशों ने झपट्टा मारकर अनीता के गले से सोने की चेन छीन ली।
झपट्टा मारने के दौरान ही धक्का लगने अनीता जमीन पर गिर गई, जिससे वह घायल हो गई। इससे पहले कि पति कुछ समझ पाता बदमाश घटना को अंजाम देकर भाग गए। आसपास के लोग घायल अनीता को शहर स्थित एक निजी अस्पताल ले गए।
जहां हालत गंभीर होेने पर उसे लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। लूटी गई सोने की चेन दो तौले की बताई जा रही है। सदर कोतवाल लक्ष्मीकांत मिश्रा का कहना है कि मामला जानकारी में आया है। जांच कराकर मामले में उचित कार्रवाई होगी।