बीती रात हो रहे भारत-पाकिस्तान के बीच मैच को देखकर उठे वर्कशाप स्वामी मोहल्ला गनेशगंज निवासी 75 वर्षीय सुखदेव राज की हार्टअटैक से मौत हो गई। वृद्ध की मौत पर परिवार में कोहराम मच गया। व्यापारी के शोक में राजन टाकीज गली की दुकानें बंद रहीं।
मोहल्ला गनेशगंज निवासी वर्कशाप स्वामी के पौत्र शक्ति कुमार ने बताया कि उनके बाबा सुखदेव राज शनिवार को भारत-पाक के बीच होने वाले क्रिकेट मुकाबले को लेकर खासे उत्साह में थे। पूरा मैच देखने के लिए उन्होंने पहले से ही सारे इंतजाम कर रखे थे। घरवालों के मुताबिक भारत की ओर से शुरू हुई बल्लेबाजी पर शुरू में मैच फंसता देख चिंतित से हो गए थे, लेकिन बाद में भारत की स्थिति में एकाएक हुए सुधार होने पर खासे खुश थे। मैच की कुछ गेंदें शेष रहने पर भारत की जीत हो गई। बकौल शक्ति, भारत की जीत की जानकारी उन्होंने मेरी मां (अपनी पुत्रवधू) रीता को दी और बिस्तर पर पहुंच गए। कुछ देर बाद मां के बुलाने पर जब बाबा नहीं बोले तब उसकी मम्मी ने इसकी जानकारी आसपास के लोगों को दी। पड़ोसी अनिल सिंघल, संगीता सिंघल सहित कई लोग उनके घर पहुंचे। प्राइवेट चिकित्सक को भी बुलाया गया। चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक के परिवार में पत्नी के अलावा पुत्रवधू और पौत्र हैं। शक्ति कुमार, अनिल सिंघल आदि ने चिकित्सक के हवाले से बताया कि सुखदेव राज की मौत दिल का दौरा पड़ने से हुई।