रायबरेली में लूट की शिकार महिला
- फोटो : अमर उजाला
डीह थाना क्षेत्र में बुधवार को डाकघर से घर जा रही महिला से 18 हजार रुपये लूट लिए गए। नकाबपोश दो लुटेरों ने वारदात को अंजाम दिया। भुक्तभोगी ने दो सगे भाइयों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस वारदात को संदिग्ध बता रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद गिरफ्तारी होगी।
पूरे बेलहन मजरे जगदीशपुर गांव की रहने वाली रामरती (55) डाकघर डीह रुपये निकालने गई थी। वह डाकघर से 18 हजार रुपये लेकर पैदल घर वापस जा रही थी। आरोप है कि इसी बीच डीह-बीरगंज मार्ग पर दो नकाबपोश बदमाश उससे रुपये छीन कर भाग गए।
सूचना मिलने पर एसओ पवन त्रिवेदी मौके पर पहुंचे और छानबीन की। थानाध्यक्ष का कहना है कि महिला ने पूरे गमैलन मजरे डीह गांव के रहने वाले सूरज और गगन के खिलाफ लूट का आरोप लगाया है। दोनों आरोपी सगे भाई हैं।
हालांकि प्रथम दृष्टता वारदात संदिग्ध लग रही है, लेकिन महिला की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया गया है। जांच के बाद ही अग्रिम कार्रवाई होगी।