बिजली के पोल से बांधकर पीटा गया लव कुश।
- फोटो : अमर उजाला
नसीराबाद थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात पशु चोरी करने के आरोप में एक युवक को ग्रामीणों ने बिजली के खंभे में बांध दिया और उसकी जमकर धुनाई की। सूचना पर यूपी डायल 100 पुलिस ने युवक को मुक्त कराया।
इसके बाद उसे नसीराबाद थाने ले जाया गया। ग्रामीणों का आरोप है कि युवक पशु चोरी करता है। पुलिस ने जांच के बाद मामले में कार्रवाई किए जाने की बात कह रही है। पूरे ब्रह्मचारी बिरनावां निवासी लवकुश को रात में ग्रामीणों ने संदिग्ध हालात में पकड़ लिया और बिजली के खंभे में रस्सी से बांध दिया और फिर उसकी जमकर धुनाई की।
ग्रामीणों का आरोप था कि लवकुश गांव के ही एक व्यक्ति के पशु चोरी करने की योजना बना रहा था। इसकी जानकारी होने पर ग्रामीण एकत्र हो गए। इसी बीच इसकी सूचना किसी ने यूपी डायल 100 पुलिस को दे दी। कुछ देर बाद पुलिस गांव पहुंच गई।
पुलिस ने युवक को मुक्त कराया, वरना ग्रामीण युवक की जान ले लेते। ग्रामीणों का कहना है कि आरोपी पशुओं की चोरी कर बाजार ले जाकर बेच देता है। कई बार सुधरने की हिदायत दी गई, लेकिन वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। यूपी डायल 100 के जिला प्रभारी शैलेंद्र त्रिपाठी का कहना है कि आरोपी को नसीराबाद थाना पुलिस को सुुपुर्दुगी में दे दिया गया है।