उर्दू शिक्षक पद पर तैनात तीन शिक्षकों का प्रमाण पत्र जांच में फर्जी पाए गए हैं। वेतन की संस्तुति के लिए अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी भेजे गए प्रमाणपत्र की जांच के दौरान इसका खुलासा हुआ। यूनिवर्सिटी की ओर से प्रमाणपत्र फर्जी बताए जाने के बाद बीईओ डीह ने जांच रिपोर्ट बीएसए को भेज दी है।
बीएसए रामसागर पति त्रिपाठी ने बताया कि जांच रिपोर्ट मिल गई है। तीनों शिक्षकों की सेवा समाप्त करने और एफआईआर का नोटिस दिया जा रहा है। गौरतलब है कि फरवरी में उर्दू शिक्षकों की तैनाती की गई थी। इसमें प्राथमिक विद्यालय दुर्गापुर में सलाउद्दीन, पूरे चाई में संदीप पांडेय, बछवलखुर्द में देवेंद्र उर्दू शिक्षक पद पर तैनात हैं।
खंड शिक्षा अधिकारी हौसिला प्रसाद ने बताया कि शिक्षकों के वेतन संस्तुति के लिए शैक्षिक प्रमाणपत्रों को उनके मूल कॉलेज और यूनिवर्सिटी में सत्यापन के लिए भेजा गया था। इसमें अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी ने अपनी रिपोर्ट में तीनों शैक्षिक प्रमाणपत्र फर्जी बताए हैं। खंड शिक्षा अधिकारी ने बताया कि उन्होंने तीनों उर्दू शिक्षकों के शैक्षिक प्रमाणपत्र की जांच रिपोर्ट बीएसए कार्यालय भेज दी है।