हरचंदपुर थाना क्षेत्र में एक युवक की हत्या कर शव को हाईवे के किनारे फेंक दिया। सोमवार सुबह उसका शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक के चेहरे समेत शरीर के अन्य हिस्सों पर गहरे चोट के निशान पाए गए।
इससे आशंका जताई जा रही है कि डंडे से पीट-पीटकर उसे मारा गया है। पुलिस पूरे मामले की तफ्तीश कर रही है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। सदर कोतवाली क्षेत्र के बरईपुर मजरे अहियारायपुर निवासी विश्वास तिवारी (35) पुत्र रामकेसर घर पर ही रहता था।
हरचंदपुर थाना क्षेत्र में लखनऊ-इलाहाबाद राजमार्ग पर डिडौली गांव के आगे स्थित एक आश्रम के पास विश्वास तिवारी का शव सोमवार सुबह मिलने से सनसनी फैल गई। सीओ महराजगंज गोपीनाथ सोनी, थानेदार जेपी यादव घटनास्थल पर पहुंचे। मृतक के चेहरे समेत अन्य शरीर के कई हिस्से पर गहरे चोट के निशान थे।
इससे आशंका जताई जा रही है कि किसी डंडे से उसे पीटकर मारा गया। पिता रामकेसर का कहना है कि बेटे विश्वास की हत्या की गई है। थानेदार जेपी यादव के मुताबिक अब तक की जांच में यह बात सामने आई है कि मृतक नशे का आदी भी था।
उसके कुछ दोस्त रविवार शाम उसे बुलाकर ले गए थे। हो सकता है कि दोस्तों ने ही उसकी हत्या कर दी हो। हालांकि अभी यह कहना जल्दबाजी होगा। मृतक के दोस्तों के बारे में पूरी पड़ताल की जा रही है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर ली जाएगी। सीओ का कहना है कि पूरे मामले की तफ्तीश कराई जा रही है। जल्द मामले का खुलासा होगा।