तूफान एक्सप्रेस को आधा घंटे कैंट स्टेशन पर खड़ा करने से भड़के यात्री
- फोटो : अमर उजाला
घंटों की देरी से चल रही तूफान एक्सप्रेस के यात्रियों ने सोमवार को आगरा कैंट स्टेशन पर हंगामा किया। स्टेशन अधीक्षक का घेराव कर लिया। बाद में स्टेशन अधीक्षक के समझाने के बाद ही वह शांत हुए और गाड़ी गंतव्य को रवाना हुई।
श्रीगंगानगर से हावड़ा जाने वाली तूफान एक्सप्रेस सोमवार को तकरीबन 12 घंटे की देरी से चल रही थी। पूर्वाह्न 11.15 बजे गाड़ी आगरा कैंट स्टेशन पर पहुंची और आधा घंटे तक खड़ी रही तो यात्रियों का धैर्य जवाब दे गया। यात्रियों ने प्लेटफार्म पर हंगामा करना शुरू कर दिया। उनका कहना था कि मौसम साफ होने के बावजूद ट्रेन को घंटों आउटर पर खड़ा किया जा रहा है। स्टेशनों पर रोक कर मालगाड़ियां पास कराई जा रही हैं। लंबी दूरी की गाड़ी में सफर करने वाले बच्चे और बुजुर्ग परेशान हैं। अपने साथ जो खानपान का सामान लाए थे, वह भी खत्म हो गया है। दो तीन यात्रियों के मोबाइल ही चोरी हो गए। ऐसे में सभी यात्री जल्द से जल्द अपने गंतव्य पर पहुंचना चाहते हैं। इसके बाद गुस्साए यात्रियों ने स्टेशन अधीक्षक का घेराव कर लिया। स्टेशन अधीक्षक ने समझा-बुझाकर यात्रियों को शांत किया। उनका कहना था कि कोहरे के कारण लंबी दूरी की गाड़ियां देरी से चल रही हैं, जिसके चलते यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।