रेलवे स्टेशन ऊंचाहार के आरपीएफ थाने के प्रभारी को अपने मातहतों की मनमानी की शिकायत करना महंगा पड़ गया। रविवार रात सिपाहियों ने थाना प्रभारी के आवास पर जाकर न सिर्फ उनके साथ गालीगलौज की, बल्कि जान से मारने तक की धमकी दी। थाना प्रभारी ने सोमवार को तहरीर दी।
साथ ही पूरे मामले से उच्चाधिकारियों को अवगत कराकर सुरक्षा दिलाए जाने की मांग की है। पुलिस ने तहरीर पर आरपीएफ थाने के तीन सिपाहियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ऊंचाहार रेलवे स्टेशन स्थित आरपीएफ थाना प्रभारी हरिदत्त शर्मा स्टेशन स्थित आवास पर रहते हैं। रात में उनके ही थाने में तैनात तीन सिपाही आवास पहुंच गए और प्रभारी के साथ गालीगलौज कर जान से मारने की धमकी देने लगे।
शोरगुल पर स्टेशन पर तैनात अन्य कर्मचारी आए तो जानमाल की धमकी देते हुए तीनों सिपाही वहां से चले गए। थाना प्रभारी का आरोप है कि थाने के सिपाही पंकज कुमार, कपिल कुमार और पवन कुमार की कई मनमानी की शिकायतें थी।
इस संबंध में उन्होंने उच्चधिकारियों को रिपोर्ट भेजी थी। इस बात को लेकर तीनों सिपाही उनसे रंजिश रखते हैं। रात में तीनों सिपाही उनके आवास पहुंचे और गाली गलौज करते हुए जानमाल की धमकी दी।
उधर, तीनों सिपाहियों का कहना है कि हम लोग सही ढंग से कार्य कर रहे हैं। किसी तरह की मनमानी नहीं करते हैं। बावजूद उनकी झूठी शिकायतें थाना प्रभारी उच्चाधिकारियों से किया करते हैं। थानेदार परशुराम तिवारी का कहना है कि आरपीएफ थाने के प्रभारी की तहरीर पर तीनों सिपाहियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच कराई जा रही है।