ऊंचाहार थाना क्षेत्र के छतौना मरियानी गांव में दबंगों ने मजदूरी मांगने गए किशोर को न सिर्फ बंधक बना लिया, बल्कि उसकी जमकर पिटाई की। इससे किशोर बेहोश हो गया। जानकारी होने पर परिवारीजन बचाने पहुंचे तो हमलावरों ने उनके साथ भी गालीगलौज की।
बाद में परिवारीजनों उसे बेहोशी की हालत में सीएचसी में भर्ती कराया। पुलिस घटना की जांच कर रही है। छतौना मरियानी गांव निवासी मुकेश कुमार (17) पुत्र गुड्डन लाल व उसके परिवारीजनों नेे गांव के ही एक व्यक्ति के खेत में धान की कटाई की थी।
धान की पिटाई के बाद खेत मालिक ने मजदूरी दूसरे दिन ले जाने की बात की थी। शनिवार को जब मुकेश कुमार मजदूरी मांगने उसके घर पहुंचा तो मजदूरी देने के बजाय उसे कमरे में बंद कर दिया गया। जब उसने कमरे बाहर निकालने को कहा तो उसकी लाठी से पिटाई शुरू कर दी।
जानकारी होने पर जब परिवारीजन वहां पहुंचे तो वह बेहोशी की हालत में मिला। परिवारीजनों ने जब इस बाबत पूछा तो उनके साथ भी गाली गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। किसी तरह परिवारीजनों ने उसे बेहोशी की हालत में सीएचसी में भर्ती कराया।
जहां इलाज के बाद होश आने पर किशोर ने घटना की जानकारी परिवारीजनों को दी। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। कार्यवाहक थानेदार एसएस गुप्ता का कहना है कि घटना की जांच कराई जा रही है। कार्रवाई की जाएगी।