जगतपुर थाना क्षेत्र में रविवार की रात एक दरोगा और सिपाही में मारपीट हो गई। थाने में भोजन न बनने को लेकर दरोगा और सिपाही में विवाद के बाद नौबत मारपीट तक पहुंची।
इससे थाना परिसर में हड़कंप मच गया। एसओ ने किसी तरह मामला शांत किया और घटना की जानकारी एसपी को दी। एसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दोनों को सस्पेंड कर दिया।
जगतपुर थाने में तैनात दरोगा रमाकांत मिश्रा रविवार की रात थाने पहुंचे। बताते हैं कि दरोगा ने सिपाही बिंदेश्वरी मिश्रा से भोजन न बनने की बात पूछी। इस पर बिंदेश्वरी ने कहा कि हम भोजन बनाने जाएं क्या।
इसी बात को लेकर पहले काफी देर तक कहासुनी हुई। बाद में देखते ही देखते दोनों में मारपीट हो गई। एसओ कमलेश पांडेय ने मामले में बीचबचाव कराया। एसओ के मुताबिक, गुरु पूर्णिमा के दौरान हादसे में फॉलोअर घायल हो गया है।
दरोगा ने पहुंचकर सिपाही से भोजन न बनने की बात पूछी तो दोनों में विवाद हो गया। एसपी मोहित गुप्ता ने बताया कि दरोगा और सिपाही ने आपस में मारपीट की थी, जिसके चलते दोनों को सस्पेंड कर दिया गया है।