रायबरेली में शनिवार को जिला अस्पताल में भर्ती सदर कोतवाली क्षेत्र के शहजादे कोठी के पास गोली लगने से घायल अधेड़ व पास में बैठे परिवारीजन।
- फोटो : अमर उजाला
सदर कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार की रात एक रिटायर्ड पीडब्ल्यूडी कर्मी को गोली मार दी, जिससे वह घायल हो गया। गोली उसकी जांघ में लगी। तीन हमलावरों ने वारदात को अंजाम दिया। गोली क्यों मारी गई, इसकी कोई वजह सामने नहीं आई है। फायरिंग की वारदात से सनसनी फैल गई। घायल को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है।
शहजाद कोठी निवासी एवं रिटायर्ड पीडब्ल्यूडी कर्मी हेम प्रकाश श्रीवास्तव (64) रात में किसी काम के सिलसिले में घर से बाहर निकले। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे तीन हमलावरों ने असलहे से उन पर फायरिंग शुरू कर दी।
एक गोली हेम प्रकाश के जांघ के पास जाकर लगी, जिससे वह खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पडे़। इससे पहले कि आसपास के लोग घरों से निकलते, हमलावर भाग गए। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हमलावर एक बाइक सवार पर आए थे।
आनन-फानन में घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। घायल का कहना है कि वह किसी हमलावर को पहचान नहीं पाया है। उसकी किसी से कोई रंजिश भी नहीं है। सदर कोतवाल कमलेश पांडेय का कहना है कि जांच की जा रही है। तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज करके हमलावरों को जल्द पकड़ा जाएगा।