एक गर्भवती महिला को दहेज के लिए जला दिया गया। गंभीर हालत में ससुरालीजनों ने ही उसे अस्पताल पहुंचाया जहां से ट्रॉमा सेंटर, लखनऊ रेफर कर दिया गया। वहां इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक मृतका गर्भवती थी।
मृतका के भाई का आरोप है कि बाइक और कलर टीवी न मिलने पर ससुरालीजनों ने उसकी बहन को जिंदा जला दिया। पुलिस ने केस दर्ज कर पति को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी सास और ससुर की तलाश की जा रही है।
क्षेत्र में ग्राम कसना निवासी गंगादीन ने करीब दो साल पहले बेटी राम दुलारी (25) की शादी अर्जुनहा मजरे पाराकला निवासी चंदन से की थी। चंदन खेती करता है। गुरुवार देर रात राम दुलारी संदिग्ध हालत में लगी आग से जल गई।
ससुरालीजन उसे सीएचसी महराजगंज ले गए जहां से डॉक्टर ने लखनऊ रेफर कर दिया। ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। पति चंदन का कहना था कि रामदुलारी से गुरुवार शाम झगड़ा हुआ था। इसके बाद रामदुलारी ने कमरा अंदर से बंद करके अपने शरीर पर केरोसिन छिड़का और आग लगा ली।
इसका पता चला तो दरवाजा तोड़कर आग बुझाई और रामदुलारी को अस्पताल ले गए। आग बुझाने में उसका हाथ भी झुलस गया। मृतका के बड़े भाई देशराज का आरोप है कि बाइक और टीवी के लिए ससुरालीजन रामदुलारी को प्रताड़ित करते थे।
उसकी बहन चार माह की गर्भवती थी। इसके बावजूद उसके साथ मारपीट की जाती थी। मांग पूरी न होने पर ससुरालीजनों ने उसे जला दिया। एसओ ओपी यादव ने बताया कि भाई की तहरीर पर मृतका के पति चंदन, ससुर श्रीराम और सास मातादेई के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई। पति को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।