अमेठी जिले के पन्हौंना गांव में एक महीने पहले ट्रांसफार्मर जल जाने से बिजली संकट झेल रहे उपभोक्ताओं ने गुरुवार को पावर हाउस घेर लिया। नाराज उपभोक्ताओं ने यहां जमकर नारेबाजी और हंगामा किया।
ग्रामीणों और जेई के बीच तीखी नोकझोंक हुई। लोगों ने जेई को खूब खरीखोटी सुनाई। बाद में जेई ने शीघ्र ट्रांसफार्मर बदलवाने का आश्वासन दिया तो उपभोक्ता शांत हुए। करीब दो घंटे तक अफरातफरी की स्थिति रही।
पन्हौंना ग्राम सभा के कोलवा, जियापुर और उपाध्याय का पुरवा में रहने वाले उपभोक्ताओं को पिछले एक महीने से बिजली नहीं मिल रही है। इससे आक्रोशित उपभोक्ता गुरुवार को सेमरौता उपकेंद्र पहुंचे और नारेबाजी शुरू कर दी।
ग्रामीणों ने जमकर हंगामा भी किया। जेई मनीष मौर्या ने उन्हें समझाने का प्रयास किया तो लोगों का गुस्सा और भड़क उठा। उन्होंने जेई को खूब खरीखोटी सुनाई।
जगजीवन बक्स सिंह, बंटी, राजेंद्र प्रसाद, मनोज कुमार, हरिकेश रावत, आनंद कुमार, सुरेंद्र कुमार ने बताया कि 25 केवीए के ट्रांसफार्मर से 150 लोगों को कनेक्शन दिए गए हैं।
ओवरलोड की वजह से आए दिन ट्रांसफार्मर जल जाता है। तमाम शिकायतों के बावजूद ट्रांसफार्मर की क्षमता वृद्धि नहीं कराई गई। एक महीने पहले फिर ट्रांसफार्मर जल गया, जिसे अफसरों ने अब तक नहीं बदलवाया।
बिजली के लिए गांव में हाहाकार मचा है। गर्मी से जीना दुश्वार है। मासूम बच्चे बीमार पड़ रहे हैं। जेई की काफी मानमन्नौवल के बाद ग्रामीण शांत हुए।