रायबरेली के डीह थाना क्षेत्र में युवक की हुई निर्मम हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक के पेट में कई बार सरिया घुसा कर उसे मौत के घाट उतारा गया। दरिंदगी यही नहीं रुकी। हत्यारे युवक का सिर भी काटकर अपने साथ ले गए।
शनिवार सुबह खेत में बिना सिर और कपड़ों के युवक की लाश मिलने से दहशत फैल गई। पुलिस के आला अधिकारियों ने मौके पर पहुंच कर छानबीन की, लेकिन न तो मृतक की शिनाख्त हो सकी और न ही वारदात की वजह का पता चला।
यह वारदात गुलाबगंज मजरे खुरहटी गांव की है। गांव के पास ही दयाराम के खेत में सुबह युवक का सिर कटा और बिना कपड़ों का शव मिला। इसका पता चला तो आसपास के कई गांवों के लोग एकत्र हो गए। युवक के पेट में आरपार कई घाव थे। वारदात स्थल के आसपास खून ही खून फैला मिला। यह मंजर जिसने भी देखा वह सहम गया।
पेट में कई बार घुसाया गया सरिया
मौके पर पहुंचे सीओ अवधेश पांडेय व थानेदार पवन त्रिवेदी ने लोगों से पूछताछ की। थानेदार के मुताबिक वारदात स्थल देख कर ऐसा लगता है कि युवक की खेत में ही हत्या की गई है। हत्या करने वालों ने पहले युवक के पेट में कई बार सरिया घुसाया।
इसके बाद भी जब गुस्सा कम नहीं हुआ तो उसका का सिर काटकर ले गए। जांच के दौरान पुलिस को मौके से टॉर्च और चप्पल भी मिले। ये हत्यारों के हैं या फिर मृतक के इसका पता नहीं चल सका।
नलकूप के पास जाकर ठहर गया खोजी कुत्ता
इस ब्लांइड मर्डर में पुलिस के हाथ कोई क्लू नहीं है। यहां तक कि मृतक का नाम भी पुलिस नहीं जानती। वारदात की गंभीरता को देखते हुए एसपी के आदेश पर लखनऊ से डॉग स्क्वायड की टीम बुलाई गई थी। टीम प्रभारी मोहम्मद गुफरान अपने साथी अनिल सिंह के साथ मौके पर पहुंचे। यहां खोजी कुत्ते को मौके पर ले जाया गया।
वारदात और नलकूप के बीच क्या संबंध तलाश रही पुलिस
- फोटो : amar ujala
घटनास्थल पर सूंघने के बाद कुत्ता करीब आधा किलोमीटर चला और फिर रज्जन के नलकूप के पास जाकर रुक गया। वारदात और नलकूप का क्या संबंध है, पुलिस इसकी पड़ताल कर रही है।
आशनाई में तो नहीं की गई आशंका
जिस तरह से इस वारदात को अंजाम दिया गया उससे साफ है कि हत्यारे बेहद गुस्से में थे। मृतक के शरीर पर एक भी कपड़ा नहीं था। लोगों में चर्चा है कि कहीं आशनाई के चक्कर में तो नहीं युवक को मौत के घाट उतारा गया।
पुलिस भी प्रथम दृष्टया इसी को वारदात की वजह मानकर जांच कर रही है। फिलहाल यह वारदात पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी है। लोगों का कहना है कि ऐसी बेरहमी से किसी को मारा गया हो, यह पहली बार देखा है।