सलोन कोतवाली क्षेत्र के सूची चौराहा पर बुधवार रात चोरों ने एक दुकान में सेंध लगाकर करीब 50 लीटर मेंथा ऑयल और नगदी समेत एक लाख रुपये का सामान पार कर दिया।
सुबह लोगों ने दुकान की कटी हुई दीवार देखी तो इसकी सूचना दुकानदार को दी। पुलिस ने भी मौके पर पहुंच कर छानबीन की।
सलोन कस्बा निवासी मोनू की सूची चौराहे पर दुकान है। यहां पर वह मेंथा ऑयल खरीदता है और पिपरमिंट की जड़ बेचता है।
बुधवार रात चोर दुकान में सेंध काटकर अंदर घुस गए और करीब 50 लीटर मेंथा ऑयल, दो खाली गैस सिलेंडर और 20 हजार रुपये नगद चोरी कर लिया।
गुरुवार सुबह लोगों ने दुकान की दीवार कटी देखी तो उन्हें घटना का पता चला। मौके पर पहुंचे दुकानदार ने घटना की सूचना पुलिस को दी।
दुकान मालिक ने बताया कि चोर करीब एक लाख रुपये का सामान पार कर दिया है। घटना की जानकारी मिलने पर कोतवाली प्रभारी पन्नेलाल ने घटनास्थल पर पहुंच कर पड़ताल की। कोतवाल ने बताया कि केस दर्ज किया जाएगा।