अमेठी जिले के शिवरतनगंज थाना क्षेत्र के पूरे अवस्थी मजरे बसंतपुर सकट गांव में दहेज की खातिर एक विवाहिता की गला दबाकर हत्या कर दी गई। मायका पक्ष का आरोप है कि दहेज में बाइक की डिमांड की जा रही थी। न देने पर वारदात को अंजाम दिया गया। सूचना पर पुलिस ने पहुंचकर शव को कब्जे में लिया। पिता की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज करके घटना की जांच शुरू कर दी है।
मोहनगंज थाना क्षेत्र के किशनपुर मजरे रामनगर निवासी धर्मराज पासी की 21 वर्षीय पुत्री रामदुलारी की दो साल पहले शिवरतनगंज क्षेत्र के पूरे अवस्थी मजरे बसंतपुर सकट गांव निवासी मंगल पासी के बेटे रामगोपाल से शादी हुई थी। गुरुवार की रात रामदुलारी की गला दबाकर हत्या कर दी गई।
शुक्रवार की सुबह घटना की जानकारी होने पर हड़कंप मच गया। बेटी की हत्या की सूचना पर मृतका का पिता धर्मराज ससुराल पहुंचा। पिता धर्मराज पासी का आरोप है कि बेटी का पति, सास-ससुर दहेज में बाइक की मांग कर रहे थे। बाइक न देेने पर बेटी को प्रताड़ित करते थे।
बाइक न देेने पर बेटी की गला दबाकर हत्या कर दी। थानेदार मो. हामिद का कहना है कि तहरीर पर पति रामगोपाल, सांस चंद्रावती व ससुर मंगल के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है।